Search
Close this search box.

गाजीपुर में अखिलेश यादव की सद्बुद्धि के लिए हवन—डिप्टी सीएम के दिवंगत माता-पिता पर अभद्र टिप्पणी के खिलाफ भाजपाइयों का आक्रोश

गाजीपुर: समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव की राजनीतिक विक्षिप्तता के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने गाजीपुर के गंगा तट पर शुद्ध बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया। भाजपा नेता विवेकानंद पाण्डेय के नेतृत्व में किए गए इस यज्ञ में सपा सुप्रीमो और उनके उद्दंड, बेलगाम आईटी सेल के खिलाफ तीव्र निंदा की गई।

भाजपा नेता ने तीखे शब्दों में कहा कि “उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक जी ने जब सपा के डीएनए पर सवाल खड़ा किया, तो तिलमिलाई समाजवादी पार्टी ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए दिवंगत माता-पिता तक को गंदे और अशोभनीय शब्दों से निशाना बनाया। यह न केवल घिनौना अपराध है, बल्कि उत्तर भारतीय संस्कारों और संस्कृति पर खुला हमला भी है।”
श्री पाण्डेय ने चेतावनी दी कि—”यदि अखिलेश यादव इस कुकृत्य के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और भविष्य में ऐसी गलती न करने का आश्वासन नहीं देते, तो भाजपा कार्यकर्ता जिले-जिले में उनके और उनकी आईटी गैंग के खिलाफ न सिर्फ एफआईआर दर्ज कराएंगे, बल्कि मानहानि का वाद भी ठोकेंगे।”

उन्होंने कहा कि—”8 साल से सत्ता से बाहर रहकर सपाई बौखला चुके हैं। कानून उनके लिए मजाक बन गया है। मगर योगी आदित्यनाथ जैसे ईमानदार और तपस्वी मुख्यमंत्री के शासन में कोई अपराधी चाहे जमीन में छिपे या आसमान में उड़ रहा हो, कानून की पकड़ से नहीं बच सकता।”

शुद्ध बुद्धि यज्ञ के माध्यम से भाजपाइयों ने समाजवादी नेतृत्व को चेताया कि—”अब भी समय है, अपराध स्वीकार कर सार्वजनिक क्षमा मांग लें, वरना जनता और कानून दोनों जवाब देने को तैयार हैं।” यज्ञ का वैदिक अनुष्ठान आचार्य घनश्याम पाण्डेय ने पूर्ण विधि-विधान से संपन्न कराया। इस अवसर पर श्यामबली मधेशिया, रुद्रामणि त्रिपाठी, पिंटू कुशवाहा, सरवन गुप्ता, चंद्रभूषण तिवारी, कामाख्या शाहू, महेंद्र कुशवाहा सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें