गाजीपुर: जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भद्रसेन हसनपुर डगरा गांव में स्थित अंग्रेजी शराब और बियर की दुकान पर मिलावटी शराब बेचे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने दुकान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया, जबकि दुकान अनुज्ञापी और एक सेल्समैन को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी राजेश त्रिपाठी की संस्तुति पर की गई। मई माह में आबकारी विभाग की टीम ने रूटीन निरीक्षण के दौरान दुकान पर छापा मार कर भारी मात्रा में संदिग्ध शराब बरामद की थी। जांच के दौरान कई अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद मौके पर ही दुकान को सील कर दिया गया।
जांच में हुए चौंकाने वाले खुलासे:
- अंग्रेजी शराब की बोतलों पर बियर के बारकोड चिपकाए गए थे।
- प्रयोगशाला जांच में पाया गया कि जिन बोतलों में 42.8% अल्कोहल होनी चाहिए थी, उनमें केवल 33.6% अल्कोहल पाई गई।
- 87 बोतलों के बारकोड नकली पाए गए, जिससे साफ जाहिर हुआ कि फर्जी तरीके से शराब बेची जा रही थी।
जिला आबकारी अधिकारी ने पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी, जिसके बाद सुनवाई उपरांत दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस दुकान का अब पुनः आवंटन टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यह मामला शराब तस्करी और मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को मजबूती देने वाला साबित हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के गोरखधंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, और इस प्रकार की संदिग्ध दुकानों पर आगे भी निगरानी बढ़ाई जाएगी।









