Search
Close this search box.

मिर्जापुर: स्कूल में प्रवेश करते ही छात्र के ऊपर गिरी चहारदीवारी, पैर टूटा; मंडलीय अस्पताल में भर्ती

मिर्जापुर: जनपद के जिगना थाना क्षेत्र अंतर्गत अरंगी सरपती प्राथमिक विद्यालय में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल में प्रवेश कर रहे कक्षा एक के छात्र अंश कुमार के ऊपर चहारदीवारी गिर गई। हादसे में बच्चे का बायां पैर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के वक्त अंश अपने बड़े भाई आर्यन के साथ स्कूल आया था। आर्यन गेट खोलकर अंदर जा चुका था, तभी अंश जैसे ही गेट से भीतर आया, पुरानी जर्जर चहारदीवारी अचानक गिर पड़ी और वह उसके मलबे में दब गया। अंश के रोने की आवाज़ सुनकर स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा और उसे बाहर निकाला गया।

विद्यालय के शिक्षक संजय केसरी ने तत्काल इसकी सूचना खंड शिक्षा अधिकारी को दी, जिन्होंने आगे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अनिल कुमार वर्मा को अवगत कराया। बच्चे को तत्काल विजयपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। मंडलीय अस्पताल में फिलहाल बच्चे का उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना के बाद अंश की मां रेशमा देवी ने नाराजगी जताते हुए कहा, “चहारदीवारी लंबे समय से टेढ़ी थी, लेकिन उसे कभी सही नहीं कराया गया। यह तो भगवान का शुक्र है कि केवल पैर घायल हुआ, वरना कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।”

बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने आश्वस्त किया है कि बच्चे को किसी तरह का खतरा नहीं है और आगे इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए संबंधित विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें