गाजीपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री व उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री नकुल दुबे का सोमवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड स्थित केलही बाजार में भव्य स्वागत किया गया। कांग्रेस नेता व जिला कोषाध्यक्ष विद्याधर पांडेय के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र प्रदान कर एवं माल्यार्पण कर उनका जोरदार अभिनंदन किया।

इस दौरान पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और जनपद गाजीपुर के लिए प्रस्थान किया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने प्रदेश व केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
नकुल दुबे ने आरोप लगाते हुए कहा, “भाजपा सरकार योजनाबद्ध तरीके से सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा कर उसे अडानी-अंबानी जैसे पूंजीपतियों को सौंपने की तैयारी में है। सरकार की नीयत में खोट है, जो जमीनें सार्वजनिक हित के लिए थीं, उन पर अब शराब के अड्डे खुलवाए जा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में यदि कोई उद्योग तेजी से पनपा है, तो वह है शराब उद्योग। सरकार ने शराब व्यापार को बढ़ावा देने के लिए मधुशालाओं का जाल बिछा दिया है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रेलवे व विद्यालयों की जमीन पर भी सरकार कब्जा करने का प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर कांग्रेस के जिला समन्वयक इंजीनियर शैलेश ध्रुव, अवधेश भारती, राजेश गुप्ता, किरण गौतम समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।







