Search
Close this search box.

गाजीपुर: जमीन के लालच में कलयुगी बेटे ने ली मां-बाप और बहन की जान, कुल्हाड़ी से की निर्मम हत्या

गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के डीलिया गांव में रविवार दोपहर एक बेटे ने जमीन के विवाद में अपने ही मां-बाप और बहन की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।

तीन लोगों की मौके पर ही मौत
जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 1 बजे आरोपी अभय यादव (40) ने पहले अपने पिता शिवराम यादव (65), फिर मां जमुनी देवी (60) और अंत में बहन कुसुम देवी (36) पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में हड़कंप, मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
हत्या की सूचना मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, शहर कोतवाल और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए गठित की गईं टीमें
एसपी डॉ. ईरज राजा ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए आरोपी की तलाश में तीन विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन आरोपी अब तक फरार है।

गांव में मातमी सन्नाटा, पुलिस ने कानून-व्यवस्था संभाली
इस सनसनीखेज हत्याकांड से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण सदमे में हैं और पूरे इलाके में घटना की चर्चा हो रही है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि गांव में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन लोगों के चेहरों पर डर साफ देखा जा सकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें