रोहनिया: जगतपुर स्थित विद्या राय विमेंस कॉलेज में रविवार को एक विशेष व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में शिक्षा के महत्व, नारी सशक्तिकरण और समाज में व्याप्त कुरीतियों के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के प्रबंधक अनिल कुमार राय की देखरेख में किया गया।

शिक्षा से ही समाज का उत्थान संभव: डॉ. पी.के. सिंघानिया
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. पी.के. सिंघानिया, अवकाश प्राप्त एसोसिएट प्रोफेसर, शिक्षा शास्त्र विभाग, केवीपीजी कॉलेज, मिर्जापुर, और विशिष्ट अतिथि डॉ. वसुंधरा चरण, प्रवक्ता द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से हुआ।
मुख्य अतिथि डॉ. सिंघानिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह साधन है जिससे समाज में फैली कुरीतियों को खत्म किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को धर्म के नाम पर होने वाले आडंबरों से दूर रहने और कर्म को प्रधान मानकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
नारी सशक्तिकरण पर जोर
विशिष्ट अतिथि डॉ. वसुंधरा चरण ने छात्राओं को नारी सशक्तिकरण और गृह विज्ञान की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर बनकर ही महिलाएं समाज में सशक्त भूमिका निभा सकती हैं।
उत्कृष्ट छात्राओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के अंत में पिछले वर्ष सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राएं जिया फरीन और गुलशन जहां को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कॉलेज के प्रिंसिपल श्रवण कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कुशाग्र राय, नोडल अधिकारी द्वारा दिया गया।
इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।









