Search
Close this search box.

गूगल मैप के भरोसे ड्राइवर पहुंचा बंद रेलवे क्रॉसिंग पर, पिकअप की जोरदार टक्कर, खलासी घायल

गाजीपुर: गोंडा से सब्जी लेकर गाजीपुर जा रही एक पिकअप वैन सोमवार तड़के सुबह 4 बजे दुल्लहपुर बाजार स्थित बंद पड़े रेलवे क्रॉसिंग से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें लदी लगभग 70 हजार रुपये की सब्जी सड़क पर बिखर गई।

वाहन चालक संजय चौहान ने बताया कि वह आमतौर पर एक्सप्रेसवे के रास्ते गाजीपुर जाता है, लेकिन इस बार उसने आज़मगढ़-गाजीपुर हाईवे का नया मार्ग चुना और गूगल मैप के सहारे सफर तय किया। मैप ने सीधा रास्ता दिखाया, लेकिन उसमें यह नहीं दर्शाया गया कि दुल्लहपुर बाजार में स्थित रेलवे क्रॉसिंग अब बंद है। जैसे ही वाहन क्रॉसिंग के पास पहुंचा, पिकअप सीधे अवरुद्ध गेट से जा टकराई।

हादसे में पिकअप के खलासी सन्नी देओल को हल्की चोटें आईं, जबकि चालक सुरक्षित बच गया। स्थानीय लोगों की मदद से सब्जी को दूसरी पिकअप में लादकर मंडी भेजा गया।

ग्रामीणों ने रेलवे और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बंद क्रॉसिंग पर कोई चेतावनी संकेत नहीं है, जिससे रात में आने-जाने वाले वाहन चालकों को खतरे की जानकारी नहीं मिलती। लोगों की मांग है कि ऐसे स्थानों पर चमकदार संकेतक और सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाएं रोकी जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें