गाजीपुर: समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक सोमवार को पार्टी कार्यालय जंगीपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष राजेन्द्र यादव ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जंगीपुर के विधायक डॉ. वीरेन्द्र यादव एवं जिला उपाध्यक्ष व जंगीपुर प्रभारी मुन्नीलाल राजभर मौजूद रहे।

बैठक में भारी बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं की उपस्थिति पर विधायक डॉ. वीरेन्द्र यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा “हमारे नेता स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी हमेशा जमीनी कार्यकर्ताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते थे। उसी परंपरा को हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव भी आगे बढ़ा रहे हैं।”

विधायक ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “यह सरकार दलित, पिछड़े व अनुसूचित जातियों को आगे नहीं बढ़ने देना चाहती। वे नहीं चाहते कि ये वर्ग पढ़-लिखकर सरकार से सवाल करें। यह तानाशाही सरकार PDA (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) वर्ग का शोषण कर रही है।”
उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता “PDA पाठशाला” चला रहे हैं, उनके खिलाफ एफआईआर कर सरकार डराने का प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने किसानों को खाद, बिजली और सड़क की समस्याओं से निजात दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी को 2027 में सत्ता में लाने की आवश्यकता बताई।
स्थानीय समस्याएं भी उठीं
बैठक को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष मुन्नीलाल राजभर ने कहा कि “हम PDA के लोग पीछे हटने वालों में से नहीं हैं। हम समाज के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे और 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएंगे।”उन्होंने बिरनो क्षेत्र के कबूतरी रोड अंडरपास के नीचे जलजमाव की गंभीर समस्या को उठाया और विधायक से समाधान की मांग की।
बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान
विधानसभा अध्यक्ष राजेन्द्र यादव ने सभी बूथ एवं सेक्टर प्रभारियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची की गड़बड़ियों को सुधारने का कार्य प्राथमिकता पर करें। बैठक का समापन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय शिबू सोरेन के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि के साथ किया गया।
उपस्थित गणमान्य
बैठक में महिला जिला अध्यक्ष विभा पाल, पूजा गौतम, महिला उपाध्यक्ष रूक मीना देवी, सुनील कुमार, मनोज कुमार, सुभाष राम, गुड्डू राजभर, सिकंदर खान, रामरति, राकेश, प्यारे लाल, हवलदार, बबलू प्रधान, पप्पू प्रधान, ओमप्रकाश प्रधान, राजेश कश्यप, प्रमोद, विजय यादव समेत कई नेता, कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- धर्मेंद्र कुमार








