वाराणसी: बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों को तेज करते हुए नगर निगम वाराणसी ने पानी घटते ही युद्धस्तर पर सफाई अभियान शुरू कर दिया है, जिससे इन क्षेत्रों में संक्रामक रोगों के प्रसार को रोका जा सके। उत्तर प्रदेश शासन के अपर निदेशक (नगर निकाय) डॉ. असलम अंसारी ने आज नगवाँ क्षेत्र का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति पर संतोष जताया।

महापौर के निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम के अधिकारी लगातार सुबह से ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और जहाँ-जहाँ पानी घट रहा है, वहां सिल्ट की सफाई, चूने का छिड़काव, ब्लीचिंग पाउडर, फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है।

संयुक्त नगर आयुक्त जितेन्द्र कुमार आनंद के नेतृत्व में आज दानियालपुर वार्ड के पुलकोहना क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। वहीं, जोनल स्वच्छता अधिकारी रवि चन्द्र निरंजन ने कोनिया, शैलपुत्री मार्ग, जलालीपुरा, नगवाँ, दशाश्वमेध घाट, और शीतला घाट सहित अनेक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर वहाँ घाटों व सड़कों की सफाई कराई और संक्रमण की रोकथाम हेतु रासायनिक छिड़काव भी कराया।
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जैसे ही किसी क्षेत्र में पानी कम होता है, वहां तत्काल सफाई कार्य शुरू किया जाए ताकि कोई भी संक्रामक बीमारी फैलने की संभावना न रहे।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वह बाढ़ प्रभावित हर क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है और हर स्थान पर तत्परता के साथ सफाई व निवारक कार्यवाही कर रहा है। नगर निगम की यह सक्रियता बाढ़ के बाद की स्थिति को नियंत्रण में रखने और नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।







