अलीगढ़: अकराबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार को जीटी रोड पर भयानक हादसा हुआ। 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार में जा रही एक कार का टायर फट गया, जिससे कार डिवाइडर तोड़ते हुए सामने से आ रहे टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई और कार व टैंकर में बैठे 4 लोग जिंदा जल गए।
हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मौके पर मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि कार में तीन लोग और टैंकर में एक व्यक्ति बैठा था। फिलहाल अधिकारियों ने गाड़ियों के चेसिस नंबर के माध्यम से मृतकों की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है।









