Search
Close this search box.

मंडल रेल प्रबंधक ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को अर्पित किए श्रद्धा सुमन, स्वच्छता के लिए किया श्रमदान

चन्दौली। पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के नेतृत्व में अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और रेलकर्मियों ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर गांधी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर मंडल रेल प्रबंधक ने पूर्व मध्य रेल इंटर कॉलेज में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर अधिकारीगण, शिक्षकगण और छात्र उपस्थित रहे।

गांधी जयंती और स्वच्छ भारत दिवस के अंतर्गत, मंडल रेल प्रबंधक और अधिकारियों ने किड्स कॉर्नर स्कूल में स्वच्छता के लिए श्रमदान किया। मंडल मुख्यालय पर स्काउट एवं गाइड सदस्यों द्वारा स्वच्छता रैली निकाली गई। पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर, स्काउट एवं गाइड सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता जागरूकता का संदेश भी फैलाया।

इस दौरान लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ेदान का उपयोग करने, सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने और दूसरों को भी प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

मंडल के अन्य स्टेशनों और कार्यस्थलों पर भी सफाई अभियान, जन संवाद और जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं, ताकि स्वच्छता का संदेश हर नागरिक तक पहुँच सके।

Leave a Comment

और पढ़ें