गाजीपुर। सैदपुर थाना क्षेत्र के होलीपुर गांव में बीती रात चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने साहिल डीजे लाइट हाउस का शटर तोड़कर करीब पौने दो लाख रुपये मूल्य के उपकरण चोरी कर लिए। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी साहिल कुमार की होलीपुर–फुलवारी मार्ग पर डीजे लाइट हाउस नाम से दुकान है। साहिल रोज़ की तरह रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। इसी बीच रात में अज्ञात चोर पहुंचे और शटर चांड़कर नीचे ईंटें रख दीं, ताकि आसानी से भीतर घुस सकें। इसके बाद चोरों ने बड़ी सफाई से करीब डेढ़ लाख रुपये की दो बड़ी और दो छोटी डीजे मशीनें, हजारों की कीमत का मिक्सर कंट्रोलर, एक स्टेबलाइजर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।
सुबह लगभग 5:30 बजे जब एक ग्राहक का फोन आने पर साहिल दुकान पहुंचे, तो शटर टूटा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना किया, लेकिन अब तक किसी तरह का सुराग नहीं मिल सका।
पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि सर्दियों की शुरुआत के साथ ही चोरी की घटनाओं में इजाफा होने लगा है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।
ब्यूरोचीफ – संजय यादव








