सऊदी अरब में मक्का से मदीना जा रही एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 42 भारतीय नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा बीती रात लगभग 1:30 बजे हुआ। बस में हैदराबाद के उमरा यात्री सवार थे, जो धार्मिक यात्रा पर निकले थे।
घटना की जानकारी मिलते ही तेलंगाना सरकार ने सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क साधा। दूतावास ने हादसे की पुष्टि करते हुए राहत और सहायता हेतु एक विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।
भारतीय दूतावास के अनुसार, “मदीना के पास हुए दर्दनाक हादसे के बाद सऊदी अरब आए सभी भारतीय उमरा यात्रियों की सहायता के लिए 24×7 खुला कंट्रोल रूम बनाया गया है। भारतीय हज यात्री हेल्पलाइन नंबर — 8002440003 पर संपर्क कर सकते हैं।”
पीड़ितों के परिजनों से दूतावास ने अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन पर तुरंत संपर्क करें।










