नोएडा। नोएडा में एक 25 वर्षीय महिला की उसके पार्टनर ने शादी से इनकार करने पर गोली मारकर हत्या कर दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना शुक्रवार शाम फेज-2 थाना क्षेत्र में हुई। हत्याकांड के बाद आरोपी फरार है और उसे पकड़ने के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी कृष्णा (26) शुक्रवार शाम अपनी गर्लफ्रेंड सोनू (25) के पेइंग गेस्ट वाले कमरे में पहुंचा, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर कृष्णा ने सोनू पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फोरेंसिक टीम ने की जांच
घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने क्राइम सीन की जांच की। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
रिश्ते में थे दोनों
अधिकारियों के मुताबिक, अमरोहा की रहने वाली सोनू और कृष्णा पहले एक फैक्ट्री में काम करते थे। इसी दौरान दोनों के बीच संबंध बने थे। लेकिन शादी के मुद्दे पर विवाद बढ़ने के बाद यह घटना सामने आई।
FIR दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगा दी गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, आगे की सभी कानूनी कार्रवाई जारी है।





