वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के टोडरपुर गेट के समीप सोमवार को एक अनियंत्रित डंपर ने हाईवे पर लगी लोहे की बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए शिवम ऑटोमोबाइल की दुकान में घुस गया। हादसे में दुकान के बाहर खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। तेज आवाज के साथ हुए हादसे से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाईवे की लोहे की बैरिकेडिंग क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर बिखर गई और डंपर दुकान के अंदर जा घुसा। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान के आसपास कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों और बैरिकेडिंग का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।






