बलिया। समाजवादी पार्टी विधानसभा क्षेत्र 357 बेल्थरा रोड की मासिक बैठक शनिवार को डाक बंगला परिसर में हुई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के प्रस्तावित बेल्थरा रोड आगमन को लेकर तैयारियों और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई।

आदर्श नगर पंचायत नगरा के अध्यक्ष प्रतिनिधि उमाशंकर राम ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। बाहर से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए आवागमन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। जनार्दन यादव ने कहा कि नगरा सहित विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से कार्यकर्ता पहुंचेंगे और महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष इरफान अहमद ने कहा कि सभी पदाधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे तथा कार्यकर्ताओं, महिला कार्यकर्ताओं और पत्रकारों के लिए उचित व्यवस्था की जाएगी। सपा नेता आनंद यादव ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से देश को मजबूत बनाया जा सकता है।
मुख्य अतिथि जिला महासचिव बीरबल राम ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष बासपारी साहब ने वाहनों की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। अध्यक्षता बासपारी साहब और संचालन ओम प्रकाश यादव ने किया। बैठक में सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।








