Search
Close this search box.

अपर महाप्रबंधक ने वाराणसी मंडल के न्यायालयीन मामलों की समीक्षा की

वाराणसी । पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार कक्ष में वाराणसी मंडल से संबंधित आर्बिट्रेशन, भूमि एवं स्थापना संबंधी न्यायालयीन मामलों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लंबित प्रकरणों की वर्तमान स्थिति, प्रगति तथा उनके शीघ्र निस्तारण को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।

अपर महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों से जुड़े न्यायालयीन मामलों की नियमित रूप से व्यक्तिगत स्तर पर निगरानी करें। साथ ही प्रभावी पैरवी के लिए रेलवे के अधिवक्ताओं को समय-समय पर आवश्यक तथ्यों और अभिलेखों के साथ समुचित रूप से ब्रीफ किया जाए। उन्होंने कहा कि न्यायालयों के समक्ष रेलवे का पक्ष तथ्यपरक, प्रभावी और मजबूत ढंग से प्रस्तुत किया जाना चाहिए।

उन्होंने पुराने एवं लंबे समय से लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीआरएम ऑपरेशन अशोक वर्मा, एडीआरएम इन्फ्रा अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए रेलवे हितों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Comment

और पढ़ें