Search
Close this search box.

कज्जाकपुरा में शराब बिक्री का वीडियो वायरल, देर रात चकना दुकान से शराब मिलने का आरोप

वाराणसी । जनपद के आदमपुर थाना क्षेत्र के कज्जाकपुरा में शराब बिक्री से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में कंपोजिट शराब ठेके से सटी चकना दुकान के अंदर कुछ लोग शराब पीते दिखाई दे रहे हैं। दुकान के अंदर और आसपास शराब की खाली बोतलें भी नजर आ रही हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब ठेका बंद होने के निर्धारित समय के बाद भी चकना दुकान से देर रात तक शराब उपलब्ध कराई जाती है। लोगों का कहना है कि दुकान संचालक द्वारा निर्धारित समय के बाद शराब बिक्री किए जाने की शिकायत पहले भी सामने आती रही है। स्थानीय लोगों ने शराब की बोतलों पर निर्धारित कीमत से अधिक रुपये वसूले जाने का भी आरोप लगाया है।

कज्जाकपुरा से नमो घाट जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण यहां देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात में चकना दुकान के आसपास शराब पीने वालों का जमावड़ा भी दिखाई देता है।

वीडियो वायरल होने के बाद चकना दुकान के संचालन और देर रात शराब उपलब्ध कराए जाने को लेकर आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस और आबकारी विभाग से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना है कि वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित विभाग क्या कदम उठाते हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें