Search
Close this search box.

गाजीपुर: बड़े वाहन से बचने के प्रयास में बाइक-मोपेड की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवक गंभीर रूप से घायल

गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के चैनपुरवां के पास गुरुवार दोपहर उस समय बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब बड़े वाहन से बचने की कोशिश में बाइक और मोपेड की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के चालकों को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सादात सीएचसी पहुंचाया, जहां से उन्हें स्थिति नाज़ुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान मंजुई निवासी 28 वर्षीय डब्लू यादव और 25 वर्षीय जिशान के रूप में हुई है। घटना के समय डब्लू यादव बाइक से सादात की ओर जा रहे थे। वहीं जिशान, जो मूल रूप से बरेली निवासी हैं और स्थानीय स्तर पर मोपेड से कपड़ों की फेरी लगाकर जीविकोपार्जन करते हैं, मंजुई की ओर से आ रहे थे। बड़े वाहन की ज़द से बचने के प्रयास में दोनों की सीधी टक्कर हो गई।

हादसे के बाद मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गए और घायलों को सहायता प्रदान की। चिकित्साधिकारी डॉ. अब्दुल फैज ने बताया कि दोनों युवकों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

Leave a Comment

और पढ़ें