Search
Close this search box.

बाबा साहब के महापरिनिर्वाण दिवस पर बोले सीएम योगी- हर मूर्ति की सुरक्षा के लिए बनेगी बाउंड्री वॉल

लखनऊ। डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि प्रदेश सरकार बाबा साहब की सभी मूर्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनके आसपास सुरक्षात्मक बाउंड्री वॉल का निर्माण करवाएगी।

हजरतगंज स्थित आंबेडकर महासभा कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए सीएम योगी ने कहा कि कई स्थानों पर शरारती तत्व मूर्तियों के साथ छेड़छाड़ करते हैं, इसलिए सरकार यह निर्णय ले रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन मूर्तियों के ऊपर छत नहीं है, वहां छत का निर्माण भी किया जाएगा।

सीएम ने निर्देश दिया कि यदि किसी स्थान पर कार्य अधूरा है, तो उसे जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा “बाबा साहब की प्रतिमाओं की सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं होगा। यह उनका सम्मान सुनिश्चित करने का हमारा कर्तव्य है।”

सफाई कर्मियों को मिलेगा न्यूनतम मानदेय

इस दौरान उन्होंने चतुर्थ श्रेणी संविदा सफाई कर्मियों की समस्या पर भी बात की। सीएम योगी ने बताया कि सरकार इस मुद्दे पर निर्णय ले चुकी है। कॉरपोरेशन का गठन किया जा चुका है और अगले एक-दो महीनों में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी चतुर्थ श्रेणी और संविदा कर्मियों को न्यूनतम मानदेय की गारंटी मिले। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

बाबा साहब के विचारों से प्रेरणा

सीएम ने कहा कि वंचित वर्गों को जो भी अधिकार और सम्मान आज मिल रहा है, वह बाबा साहब की दी हुई प्रेरणा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नए भारत की ओर बढ़ रहा है, और पंचतीर्थ निर्माण, SC-ST छात्रों के लिए नई छात्रवृत्ति योजनाएं—ये सभी बाबा साहब के समानता और आत्मसम्मान के विचारों को आगे बढ़ाने का कार्य हैं।

बौद्ध भिक्षुओं के पाठ से कार्यक्रम की शुरुआत

शुक्रवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत बौद्ध भिक्षुओं द्वारा बुद्ध वंदना और त्रिशरण पंचशील के पाठ से हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Comment

और पढ़ें