Search
Close this search box.

लखीमपुर में ‘बारिश और बंदरों’ के हवाले हुए करोड़ों के जेवर! कोर्ट ने पुलिस की कहानी पर उठाए सवाल

लखीमपुर खीरी में 19 साल पुराने दहेज हत्या के एक मामले में जब्त किए गए करीब एक करोड़ रुपये के सोने के जेवरों को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सदर कोतवाली पुलिस ने कोर्ट को बताया कि बरामद जेवरों की पोटली बारिश में भीग गई थी, जिसे सुखाने के लिए मालखाने की छत पर रखा गया था। इस दौरान अधिकांश जेवर खराब होकर गल गए, जबकि बचे हुए जेवर बंदर उठा ले गए।

यह मामला तब सामने आया जब कोर्ट ने दहेज हत्या के आरोपी को बरी करते हुए जब्त जेवर ससुराल पक्ष को वापस करने का आदेश दिया। हालांकि पुलिस जेवर वापस नहीं कर सकी और उनकी गुमशुदगी को लेकर यह तर्क पेश किया।

कोर्ट ने पुलिस की दलील पर गंभीर आपत्ति जताते हुए इसे घोर लापरवाही माना। अदालत ने टिप्पणी की कि ऐसा प्रतीत होता है कि जेवरों का इस्तेमाल पुलिसकर्मियों ने अपने हित में किया है। कोर्ट ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पीड़ित पक्ष को क्षतिपूर्ति दिलाने के निर्देश भी दिए थे।

बताया जा रहा है कि अदालत के आदेश के एक वर्ष बाद भी न तो जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई और न ही पीड़ित परिवार को राहत मिली। इससे नाराज परिवार अब न्याय के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें