चन्दौली । आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए चंदौली पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर बुधवार शाम पीडीडीयू नगर क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान सीओ यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा एवं सीओ डीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

मुगलसराय थाना प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं। मुहर्रम का चांद दिखाई देने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ कर दिया है। विशेष रूप से दुल्हीपुर एवं आसपास के उन क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जहां बड़े पैमाने पर ताजिया जुलूस निकाले जाते हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह स्वयं छोटी से छोटी सूचना पर तत्काल संज्ञान लेकर मौके पर पहुंच रहे हैं और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।
चंदौली पुलिस का दावा है कि मुहर्रम पर्व को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।








