Search
Close this search box.

बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर अखिलेश यादव ने कहा—“संविधान पीडीए की किस्मत की किताब है”

आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश को मिला संविधान ही हक और अधिकारों की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि संविधान की वजह से पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) तबका सम्मान और न्याय पा रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा, “अगर संविधान न होता, तो पीडीए को न जाने किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता। वर्चस्ववादी ताकतों ने कई बार पीडीए के लोगों का अपमान किया है। सुप्रीम कोर्ट में जूता फेंके जाने जैसी घटनाएँ भी सामने आईं।”

उन्होंने चेतावनी दी कि संविधान कमजोर होगा तो लोकतंत्र व आरक्षण दोनों खतरे में पड़ जाएंगे। “एकतंत्रीय ताकतें संविधान की जगह ‘मनविधान’ लागू करना चाहती हैं,” उन्होंने कहा।

एसआईआर पर निशाना—“संविधान से बनी संस्था वोट बनवाने के बजाय वोट काटने की चिंता कर रही”

आगरा दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने SIR (Special Summary Revision) को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा दिख रहा है कि वोटर लिस्ट अपडेट करने की प्रक्रिया को बहाना बनाकर कुछ लोग वोट काटने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा “हर नागरिक अपना वोट बनवाए, वोटर लिस्ट में जुड़वाए। इस बार आगरा समाजवादियों के पक्ष में ऐतिहासिक परिणाम देगा।”

आगरा में विकास का दावा—“मेट्रो और एक्सप्रेस-वे समाजवादी सरकार की देन”

अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा में मेट्रो परियोजना समाजवादी सरकार की देन है। उन्होंने बताया कि एसपी सरकार के कार्यकाल में आगरा–लखनऊ एक्सप्रेस-वे का निर्माण हुआ। जबकि भाजपा की डबल इंजन सरकार आज तक ऐसी कोई सड़क नहीं बना सकी।

उन्होंने आगरा में यमुना नदी की स्थिति पर भी चिंता जताई। “यमुना की हालत नाले जैसी हो गई है। भाजपा सरकार के सारे दावे झूठे साबित हुए हैं। समाजवादी सरकार बनते ही यमुना पर गोमती रिवरफ्रंट जैसा प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा,” उन्होंने कहा।

फतेहपुर सीकरी में चादरपोशी, देश में अमन–भाईचारे की दुआ

अखिलेश यादव ने फतेहपुर सीकरी स्थित शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर चादर चढ़ाई और देश की तरक्की, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी।

उन्होंने बुलंद दरवाज़ा व ऐतिहासिक इमारतों का भी भ्रमण किया। इस दौरान पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।अखिलेश यादव के साथ मैनपुरी सांसद डिम्पल यादव और राज्यसभा सांसद जया बच्चन भी मौजूद रहीं।

Leave a Comment

और पढ़ें