वाराणसी। आम जनता को नक्शा सुधार और पास कराने में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के उद्देश्य से वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नियमित रूप से कैंप आयोजित कर लोगों को सीधे सहायता प्रदान की जा रही है, ताकि नक्शा पास कराने की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हो सके।
VDA के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने बताया कि पिछले 15 दिनों में करीब 40 नक्शों को पास किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि चालू माह के लिए नक्शा स्वीकृति का एक बड़ा लक्ष्य तय किया गया है और उसी के अनुरूप प्राधिकरण द्वारा तेजी से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि नवीनीकरण (रिन्यूअल) से संबंधित नक्शों के लिए हर गुरुवार को विशेष कैंप लगाया जा रहा है। इन कैंपों में आवेदक समय से पहुंचकर अपनी समस्याएं रखते हैं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया जाता है। यदि किसी नक्शे में कोई कमी या तकनीकी दिक्कत पाई जाती है, तो उसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ठीक कराया जाता है।
उपाध्यक्ष ने यह भी बताया कि इस माह कंपाउंडिंग नक्शों का लक्ष्य 100 से अधिक निर्धारित किया गया है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि नक्शों को जल्द से जल्द पास कराया जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
VDA का उद्देश्य नवीनीकरण और कंपाउंडिंग सहित सभी प्रकार के नक्शों को सरल, पारदर्शी और तय समयसीमा के भीतर स्वीकृत कर आम नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।









