वाराणसी। साल के अंतिम दिनों में महादेव की नगरी काशी में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। हालात ऐसे हैं कि वाराणसी में इस समय सामान्य दिनों की तुलना में करीब 10 गुना अधिक भीड़ दर्ज की जा रही है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, वर्तमान में शहर में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे प्रमुख घाटों, मंदिरों और गलियों में जबरदस्त चहल-पहल बनी हुई है।
नए साल के मौके पर इस बार पर्यटकों की पसंद में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। जहां पहले लोग शिमला, गोवा जैसे पर्यटन स्थलों की ओर रुख करते थे, वहीं अब बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान विश्वनाथ के दर्शन के लिए काशी पहुंच रहे हैं। यही कारण है कि इस वर्ष वाराणसी में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं।
पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर
भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। यातायात व्यवस्था से लेकर सुरक्षा इंतजाम तक कड़े किए गए हैं। घाटों, मंदिर परिसरों और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
धार्मिक पर्यटन को मिला बढ़ावा
काशी में बढ़ती भीड़ से यह साफ है कि धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई मिली है। देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। होटल, धर्मशाला और गेस्ट हाउस लगभग फुल चल रहे हैं।









