वाराणसी: दी सेंट्रल बार एसोसिएशन बनारस, वाराणसी के वार्षिक चुनाव 2026 को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। महामंत्री पद के प्रत्याशी एडवोकेट वीरेंद्र कुमार पंडित ने अधिवक्ताओं से जुड़ी प्रमुख समस्याओं और उनके समाधान को लेकर अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत किया।
एडवोकेट वीरेंद्र कुमार पंडित ने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर स्थित स्वास्थ्य केंद्र में फ्रिज की व्यवस्था न होने के कारण टिटनेस सहित अन्य आवश्यक इंजेक्शन नहीं लग पा रहे हैं, जिससे अधिवक्ताओं को परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की कि अधिवक्ताओं के हित में स्वास्थ्य केंद्र में तत्काल फ्रिज की व्यवस्था कराई जाए।
उन्होंने बताया कि दीवानी परिसर में बने पिंक टॉयलेट में महिला अधिवक्ताओं से लिए जा रहे 5 रुपये शुल्क को जिला जज से वार्ता कर पूरी तरह निःशुल्क कराया जाएगा, ताकि महिला अधिवक्ताओं को सुविधा मिल सके।
एडवोकेट पंडित ने कहा कि सेंट्रल बार सभागार को वातानुकूलित (एसी) कराया जाएगा, कचहरी परिसर में स्वच्छता, बिजली, पानी और वाई-फाई की समुचित व्यवस्था की जाएगी, अधिवक्ताओं के लिए स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाएं सुदृढ़ की जाएंगी।
उन्होंने अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम को जल्द लागू कराने की मांग की। साथ ही कहा कि कचहरी परिसर में नए एवं वरिष्ठ अधिवक्ताओं के लिए पेंशन की व्यवस्था की जानी चाहिए।
एडवोकेट वीरेंद्र कुमार पंडित ने यह भी कहा कि नए अधिवक्ताओं के लिए बैठने हेतु उचित चेंबर की व्यवस्था, निःशुल्क मेडिकल सुविधा व मेडिकल इंश्योरेंस, लाइब्रेरी की बेहतर व्यवस्था उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा, “मैं अधिवक्ताओं के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़ा रहूंगा और उनके अधिकारों व विकास के लिए लगातार संघर्ष करता रहूंगा।”अंत में उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे उन्हें सेवा का अवसर दें, ताकि वे अधिवक्ता समाज के हित में मजबूती से काम कर सकें।
रिपोर्ट: अशोक कुमार गुप्ता









