बलिया: कलेक्ट्रेट परिसर में आज वकीलों ने धरना-प्रदर्शन किया। कलेक्टर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मदन वर्मा ने प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ठंड का हवाला देकर अधिकारियों द्वारा फाइलें जब्त कर ली गई हैं, जिसके कारण मुकदमों की तारीखें नहीं मिल पा रही हैं और मुवक्किलों के हित प्रभावित हो रहे हैं। इससे वकीलों में गहरी चिंता व्याप्त है।
बार अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ठंड के बहाने फाइलों को दबाकर रखा गया तो वकील भी काम करना बंद कर देंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन पूरी तरह गांधीवादी तरीके से चलाया जाएगा।
प्रदर्शन के उपरांत वकीलों ने अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समाधान की मांग की। वकीलों ने कहा कि न्यायिक कार्यों में अनावश्यक बाधा किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है और यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।









