Search
Close this search box.

बलिया: बैरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17.70 लाख की अंग्रेजी शराब से भरा पिकअप किया बरामद, चालक फरार

बलिया। जनपद में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बैरिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक महिन्द्रा बोलेरो MAXX पिकअप से 315 पेटियों में कुल 2780.04 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 17 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है। हालांकि, तस्करी में लिप्त वाहन चालक अंधेरे और कोहरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. फहीम कुरैशी एवं प्रभारी निरीक्षक बैरिया विपिन सिंह के नेतृत्व में की गई।

चेकिंग के दौरान भागा वाहन चालक
पुलिस के अनुसार, 9 जनवरी 2026 को उप निरीक्षक मयंक कुमार अपनी टीम के साथ दोकटी-बैरिया बॉर्डर स्थित रेगुलेटर पुल पर संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दोकटी की ओर से आ रही एक महिन्द्रा बोलेरो पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की गति तेज कर दी और भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने पीछा किया तो चालक वाहन को सेवादास मठिया के पास खेत में उतारकर छोड़कर फरार हो गया।

वाहन से भारी मात्रा में शराब बरामद
पिकअप की तलाशी लेने पर विभिन्न ब्रांड की भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब मिली, जिनमें रॉयल स्टैग, ऑफिसर च्वाइस, 8 पीएम, आफ्टर डार्क ब्लू, बकार्डी ब्लैक, मैजिक मोमेंट और हंटर बीयर शामिल हैं। कुल 315 पेटियों में 2780.04 लीटर शराब बरामद की गई।

ई-चालान ऐप से जांच करने पर वाहन नंबर UP60 CT 1187 के स्वामी का नाम नितेश कुमार पुत्र हरेराम यादव, निवासी बड़का नगर, मुरली छपरा, जनपद बलिया पाया गया।

मुकदमा दर्ज, तलाश जारी
इस मामले में थाना बैरिया पर मु0अ0सं0 14/2026, धारा 60(1)/63 आबकारी अधिनियम के तहत वाहन स्वामी नितेश कुमार एवं अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक- मयंक कुमार, कांस्टेबल- विजय यादव, कांस्टेबल- निलेश शर्मा, कांस्टेबल- अखिलेश गुप्ता शामिल रहे

रिपोर्ट- आनंद मोहनमिश्रा

Leave a Comment

और पढ़ें