Search
Close this search box.

सोनभद्र: दुद्धी में अपना दल (एस) की मासिक बैठक संपन्न, जिला पंचायत चुनाव को लेकर बनाई ठोस रणनीति

सोनभद्र। विधानसभा दुद्धी (403) अंतर्गत अपना दल (एस) की विधानसभा स्तरीय मासिक बैठक दिनांक 10 जनवरी 2026 को उत्सव वाटिका, दुद्धी में संपन्न हुई। बैठक का स्पष्ट और एकमुख संदेश रहा कि दुद्धी विधानसभा में अपना दल (एस) अब केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक उभरती हुई निर्णायक राजनीतिक ताकत बन चुका है।

बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने की, जबकि विधानसभा प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव राकेश यादव की सशक्त उपस्थिति ने संगठन को नई ऊर्जा प्रदान की। मुख्य अतिथि राकेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब संगठन में किसी भी तरह की ढील, लापरवाही और औपचारिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) गरीबों, दलितों, पिछड़ों, शोषितों, वंचितों और किसानों की सशक्त आवाज है और यही वर्ग आने वाले चुनावों में सत्ता की दिशा तय करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर बूथ को युद्धस्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।

राकेश यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी जिला पंचायत चुनाव में अपना दल (एस) सभी सीटों पर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगा और इस बार संगठन नेतृत्वकारी भूमिका निभाते हुए जीत का परचम लहराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

बैठक के दौरान संगठन को और अधिक मजबूती देते हुए जिला महासचिव मुकेश तरंग पटेल को दुद्धी विधानसभा का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अंजनी पटेल ने उनका स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। सह-प्रभारी मुकेश तरंग पटेल ने कहा कि पार्टी की नीतियां अब केवल मंचों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि हर गांव, हर टोले और हर मतदाता तक प्रभावी रूप से पहुंचाई जाएंगी।

विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जोन, सेक्टर और बूथ स्तरीय संगठन अब कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जमीनी स्तर पर सक्रिय, अनुशासित और परिणामोन्मुखी तरीके से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन अब प्रचार की राजनीति से आगे बढ़कर परिणाम की राजनीति की ओर निर्णायक रूप से कदम बढ़ा चुका है।

बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान और जिला पंचायत चुनाव को लेकर विस्तृत रणनीति पर सहमति बनी। सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि दुद्धी विधानसभा में अपना दल (एस) को सबसे मजबूत राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित किया जाएगा।

बैठक में प्रमुख रूप से राम सुरेश कुशवाहा, जिला सचिव उदित नारायण पटेल, विधानसभा उपाध्यक्ष अमर सिंह खरवार, अर्जुन गुप्ता, राजपाल कुशवाहा, मो. हसनैन अहमद, विधानसभा महासचिव रमेश गुप्ता, राजकुमार पटेल, जयप्रकाश जायसवाल, विधानसभा सचिव राम मनोहर पटेल, रामधनी मिश्रीलाल, रामपाल खरवार, मोहनलाल, कोषाध्यक्ष रत्नेश केसरी, सूरज केसरी, महेंद्र कुमार जायसवाल, बाबूराम खरवार, राजबली पासवान, शिवपूजन कुमार, आशु अंसारी, माधव सिंह, जय गोविंद पटेल, भगवान दास गुप्ता, रामबाबू खंजर, डॉ. सुधीर कुमार, रमेश सोनी, दिनेश गुप्ता एवं हरिप्रसाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें