सोनभद्र। विकास खंड दुद्धी अंतर्गत स्थित राजकीय हाई स्कूल बैरखड़ का प्रांगण शिक्षा, संस्कृति और करियर चेतना के रंगों से सराबोर नजर आया। विद्यालय में आयोजित करियर गाइडेंस मेला एवं वार्षिकोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, उज्ज्वल भविष्य और सही करियर चयन की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राधेश्याम (पूर्व प्रधानाचार्य, पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, दुद्धी) द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। इसके बाद छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत ने पूरे वातावरण को भावनात्मक और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। अतिथियों, शिक्षकों, ग्राम प्रधान एवं अभिभावकों का बैज अलंकरण, माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया।
करियर गाइडेंस मेले के अंतर्गत अतिथियों ने करियर हब का निरीक्षण किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न करियर डोमेन से जुड़े प्रश्नों के आत्मविश्वासपूर्ण उत्तर देकर अपनी प्रतिभा और समझ का प्रभावी प्रदर्शन किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग देते हुए विषय चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और लक्ष्य निर्धारण पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकगीत, देशभक्ति गीत, लोकनृत्य और सामाजिक संदेश से युक्त नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रत्येक प्रस्तुति पर तालियों की गूंज ने विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को सराहा।
विद्यालय स्तर पर बोर्ड परीक्षा 2025, निबंध लेखन, चित्रकला, अनुशासन और क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, शील्ड और आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा।
उद्बोधन के क्रम में मुख्य अतिथि राधेश्याम, अरुण कुमार मिश्र (प्रधानाचार्य, राजकीय हाई स्कूल दीघुल), अनीता (प्रधानाचार्य, राजकीय बालिका हाई स्कूल मेदनीखाड़), एस.एन. कनौजिया, लाल साहब यादव (राजकीय हाई स्कूल मधुवन), संजय पटेल तथा उदय पाल (ग्राम प्रधान, बैरखड़) ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण, परीक्षा रणनीति, वैज्ञानिक सोच, स्वास्थ्य और जीवन मूल्यों पर प्रेरक संदेश दिए।
इस अवसर पर आनंद गौतम, उदयराज, दिग्विजय सिंह, राज कुमार यादव, सुनील यादव, बिरझन गुरुजी, विद्यालय के कर्मचारी, अभिभावकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर श्याम चरण सिंह (प्रधानाचार्य, राजकीय हाई स्कूल बैरखड़) ने सभी अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन अमर सिंह (प्रधानाचार्य, राजकीय हाई स्कूल बेलहतथी) द्वारा किया गया।









