बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों के 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों के अनुमोदन को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के विभिन्न नगर निकायों से जुड़े विकास प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद रसड़ा में आरओ वॉटर प्लांट लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए निर्देश दिया कि प्लांट सार्वजनिक और उपयुक्त स्थान पर लगाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को इसका लाभ मिल सके। साथ ही रसड़ा तहसील क्षेत्र में नाली निर्माण और पानी निकासी से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
नगर पंचायत चितबड़ागांव में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों, डस्टबिन की खरीद तथा सार्वजनिक स्थानों पर आरओ प्लांट लगाने के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जहां भी स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव हो, वहां उच्च गुणवत्ता वाली और पर्याप्त रोशनी देने वाली लाइटें लगाई जाएं।
नगर पंचायत बैरिया में तहसील परिसर स्थित पार्क के सौंदर्यीकरण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, शौचालयों की मरम्मत तथा महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर पंचायत रेवती, सिकंदरपुर, बेल्थरारोड सहित सभी नगर पंचायतों में खुले नालों को ढकने और कच्चे नालों को पक्का करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने नालों की नियमित सफाई और सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए दुर्घटनाओं से बचाव के निर्देश दिए।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने मुख्य राजस्व अधिकारी को सभी अधिशासी अधिकारियों से संबंधित कार्यों के लिखित प्रस्ताव प्राप्त करने को कहा। साफ-सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए हाईटेक मशीनों और आधुनिक सफाई उपकरणों की खरीद के प्रस्ताव भी मांगे गए, ताकि सफाई कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाई जा सके। बैठक में सीआरओ त्रिभुवन, सभी नगर निकायों के चेयरमैन और संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर– संजय सिंह, बलिया









