वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बुधवार को शहर के कई इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था और जलनिकासी से जुड़ी समस्याओं को देखा और उनके स्थायी समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने मोढ़ला और चांदपुर क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही सिंधुरिया कॉलोनी में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

सिंधुरिया कॉलोनी में जलनिकासी की समस्या को दूर करने के लिए नगर आयुक्त ने जलनिगम (ग्रामीण) को बिना सड़क खोदे ट्रेंचलेस विधि से पाइप डालने का निर्देश दिया। इसके अलावा सर्विस रोड पर करीब 610 मीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। उन्होंने कहा कि काम समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
नगर आयुक्त ने मोढ़ला क्षेत्र की स्टॉर्म वाटर लाइन का भी निरीक्षण किया और लाइन व चैंबरों की तुरंत सफाई कराने के निर्देश दिए। नालों में जमा मलबा हटाने और चांदपुर से लहरतारा तक स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई में तेजी लाने को कहा गया, ताकि बारिश के मौसम में पानी की निकासी सही ढंग से हो सके।
इसके साथ ही नगर आयुक्त ने मड़ौली से चांदपुर होते हुए केराकतपुर तक बनने वाले नए ड्रेनेज प्रोजेक्ट की भी समीक्षा की। इस बड़े नाले का डीपीआर तैयार किया जा रहा है। इसके पूरा होने पर शहर के बड़े हिस्से में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान जलकल विभाग और अन्य संबंधित विभागों के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।






