बसपा नेताओं ने जनसभा में पार्टी को बताया सुशासन का विकल्प
बलिया। आम जनता अब उम्मीद भरी नजरों से बसपा प्रमुख बहन मायावती की ओर देख रही है। लोगों का मानना है कि सही मायने में सुशासन केवल बहुजन समाज पार्टी ही दे सकती है। बसपा नेताओं ने कहा कि पिछली बसपा सरकार के समय लोग खुद को सुरक्षित महसूस करते थे और सभी को आसानी से न्याय मिलता था, लेकिन वर्तमान सरकार में असुरक्षा और महिला उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोग चिंतित हैं।

ये बातें माल्देपुर स्थित एक वर्कशॉप परिसर में आयोजित जनसभा में कही गईं। यह सभा वार्ड नंबर 50 की प्रभारी प्रत्याशी शिवकुमारी राय, पत्नी एडवोकेट अमरनाथ राय, के समर्थन में आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बसपा के वरिष्ठ नेता और जिलाध्यक्ष नंदलाल राम मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि बसपा के वरिष्ठ नेता संतोष राम (पूर्व कोऑर्डिनेटर) ने पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं जिला महासचिव महफूज आलम ने पंचायत चुनाव को लेकर अभी से तैयारी शुरू करने का आह्वान किया और कार्यकर्ताओं से शिवकुमारी राय के समर्थन में वोट जुटाने के लिए पूरी मेहनत से लगने को कहा।

इस मौके पर सोहिल वर्मा, चंद्रशेखर माली, मार्कंडेय पांडेय, विनोद दूबे, सौदागर राम, अजय राम, अनिल भारती, मनीष भारती, सुमित प्रसाद, कालिका पासबान, प्रभुनाथ, सुनील पासबान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभा की अध्यक्षता अमरनाथ राय ने की, जबकि संचालन श्यामसुंदर पटेल (पूर्व जिला महासचिव) ने किया।









