बलिया। उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार और जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया अनिल कुमार झा के आदेशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया के सचिव संजय कुमार गोंड की अध्यक्षता में आज दिनांक 07-02-2026 को सभी परालीगल वालंटियर (अधिकार मित्र) की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपस्थित सभी पीएलबी को निर्देशित किया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दीवानी न्यायालय, बलिया के तत्वावधान में दिनांक 22.02.2026 को आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का व्यापकप्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में बताया गया कि शिविर में निर्बल वर्ग, दिव्यांग, बच्चे, महिलाएँ, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोग शामिल होकर सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।
इसमें वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना, किसानों से जुड़ी योजनाएँ, दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाएँ और अन्य विभागीय योजनाएं शामिल हैं।
साथ ही सभी परालीगल वालंटियरों को निर्देशित किया गया कि मेगा/बृहद विधिक सेवा शिविर से पूर्व लघु/सूक्ष्म विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन कर आम जनता को विधिक अधिकारों और योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाए।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया के सभी परालीगल वालंटियर उपस्थित रहे और शिविर की सफल तैयारी के लिए अपनी जिम्मेदारियों को समझा।
संजय सिंह प्रेस उत्तर बलिया






