वाराणसी: लोहता थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब केराकतपुर से लोहता बहादुर मार्केट तक तेज रफ्तार में रेस कर रहे दो नाबालिग बाइक सवार आपस में टकरा गए। बताया जा रहा है कि दोनों नाबालिग रेस लगाने के चक्कर में संतुलन खो बैठे, जिससे यह हादसा हुआ।
हादसे में शामिल एक बाइक पर “पुलिस” लिखा हुआ था, जबकि दूसरी बाइक बुलेट थी, जिसकी साइलेंसर से तेज और भारी आवाज निकल रही थी। टक्कर के बाद बुलेट सवार दोनों नाबालिग सड़क पर गिर पड़े, हालांकि गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बच्चे बेहद तेज गति से बाइक चला रहे थे, जिससे सड़क पर आने-जाने वाले राहगीर भयभीत हो गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस लिखी बाइक के दुरुपयोग और नाबालिगों द्वारा तेज रफ्तार वाहन चलाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।






