वाराणसी। कफ सिरप तस्करी के बहुचर्चित मामले में वाराणसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभम जायसवाल के पिता भोला जायसवाल की करीब 28 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली। न्यायालय से आदेश प्राप्त होने के बाद गुरुवार को पुलिस टीम महमूरगंज स्थित उनके आवास पर पहुंची और विधिक प्रक्रिया के तहत कुर्की की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान डुगडुगी बजवाकर मुनादी भी कराई गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच में अवैध कारोबार से अर्जित लगभग 28 करोड़ रुपये की संपत्तियों को चिन्हित किया गया था। वित्तीय लेन-देन और संपत्ति संबंधी दस्तावेजों की पड़ताल के बाद जांच एजेंसियों ने इन्हें अवैध आय से अर्जित पाया। इसके आधार पर न्यायालय में कुर्की की अर्जी दाखिल की गई थी, जिसे स्वीकृति मिलने के बाद कार्रवाई अमल में लाई गई।
कुर्की की प्रक्रिया के दौरान महमूरगंज स्थित आवास पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। पुलिस ने न्यायालय के आदेश की सार्वजनिक जानकारी देने के लिए क्षेत्र में मुनादी कराई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि अवैध आय से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर कानूनी दायरे में लाने की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी, जिससे ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों को कड़ा संदेश दिया जा सके।








