Search
Close this search box.

वाराणसी: कपिलधारा कुंड व धर्मशाला होंगे अतिक्रमण मुक्त, सुंदरीकरण के निर्देश

वाराणसी। महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनज़र नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को सलारपुर स्थित कपिलधारा कुंड एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थाएं मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को पर्व से पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से कुंड के समीप स्थित धर्मशाला एवं परिक्रमा मार्ग पर कथित अवैध कब्जों को तत्काल हटाने और क्षेत्र का सुंदरीकरण कराने का आदेश दिया।

नगर आयुक्त ने धर्मशाला का ताला खुलवाकर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं के उपयोग के लिए शौचालय और यूरिनल को क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धर्मशाला की आड़ में आगे-पीछे की भूमि पर किए गए अतिक्रमण की पैमाइश कर संबंधितों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाए।

पंचकोशी यात्रा मार्ग को महाशिवरात्रि से पहले गड्ढा मुक्त करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए। जलकल विभाग को सीवर एवं जल रिसाव की समस्या दूर करने के लिए चेताया गया।

भीड़ को देखते हुए आवश्यकतानुसार मोबाइल टॉयलेट की तैनाती तथा शुद्ध पेयजल की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान शिवपुर वार्ड के पार्षद बलराम बनौजिया, कंदवा वार्ड के प्रतिनिधि सहित नगर निगम के जोनल अधिकारी, अधिशासी अभियंता (सिविल), जलकल विभाग के अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें