वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध महाविद्यालयों में एलएलबी और बीएएलएलबी की सेमेस्टर परीक्षाएं 17 फरवरी से आयोजित की जाएंगी। परीक्षा 17 से 27 फरवरी तक संचालित होंगी। इसके लिए वाराणसी सहित पांच जिलों में कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
विश्वविद्यालय से संबद्ध वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र जनपदों के 34 कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए वाराणसी और चंदौली में कुल 19 केंद्र तथा भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र में चार केंद्र बनाए गए हैं। वाराणसी में सर्वाधिक 13 और चंदौली में 6 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। मिर्जापुर में दो तथा भदोही और सोनभद्र में एक-एक केंद्र बनाया गया है।
पांचों जिलों में कुल 13 संकलन केंद्र भी बनाए गए हैं। परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाएं इन्हीं संकलन केंद्रों पर जमा कराई जाएंगी।
परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों और संकलन केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है तथा समय-सारिणी भी घोषित कर दी गई है। सभी केंद्रों को प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं संकलन केंद्रों से ही उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने निर्देश दिया कि केंद्राध्यक्ष परीक्षा समाप्ति के बाद निर्धारित समय पर उत्तर पुस्तिकाएं संकलन केंद्रों में अनिवार्य रूप से जमा कराएं।








