चंदौली। जनपद चंदौली में पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने एक साथ 49 पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया है। इस सामूहिक कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।

जारी आदेश के अनुसार मुख्य आरक्षी, महिला कांस्टेबल और पुरुष कांस्टेबलों को विभिन्न थानों, चौकियों और महत्वपूर्ण डेस्क पर नई तैनाती दी गई है। सूत्रों के मुताबिक कई पुलिसकर्मी लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे हुए थे, जिन पर तबादले की गाज गिरी है।

बताया जा रहा है कि कार्यशैली में पारदर्शिता और सक्रियता लाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई महिला पुलिसकर्मियों को महिला हेल्प डेस्क और सुरक्षा केंद्रों पर तैनात किया गया है, ताकि महिलाओं को त्वरित सहायता और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
सभी स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को बिना देरी नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की अवहेलना करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी जारी की गई है।
माना जा रहा है कि इस बड़े पैमाने पर हुए तबादलों का सीधा असर जिले की कानून-व्यवस्था पर देखने को मिलेगा और चंदौली पुलिस अब पहले से अधिक सक्रिय व जवाबदेह नजर आएगी।









