Search
Close this search box.

चन्दौली: डीडीयू मंडल द्वारा अंतर मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ, सोनपुर मंडल ने जीता उद्घाटन मैच

चन्दौली। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल द्वारा पूर्व मध्य रेल की अंतर मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने यूरोपियन कॉलोनी स्थित मंडलीय रेलवे क्रीड़ा संकुल (बाकले ग्राउंड) में किया।

शुभारंभ अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने उद्घाटन मैच की दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर मंडल क्रीड़ा अधिकारी सह वरीय मंडल विद्युत इंजीनियर सुनील सिंह यादव सहित अन्य शाखाधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

मंडल क्रीड़ा संघ, डीडीयू मंडल की देखरेख में आयोजित यह प्रतियोगिता 16 से 22 फरवरी 2026 तक चलेगी, जिसमें पूर्व मध्य रेल के पांचों मंडलों की टीमें भाग ले रही हैं।

उद्घाटन मैच सोनपुर मंडल और समस्तीपुर मंडल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर सोनपुर मंडल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 175 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी समस्तीपुर मंडल की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 128 रन ही बना सकी।

इस प्रकार सोनपुर मंडल ने उद्घाटन मुकाबला 47 रनों से जीत लिया। सोनपुर मंडल के खिलाड़ी विकास रंजन ने शानदार 83 रन बनाए और उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

रिपोर्ट: संजय शर्मा, ब्यूरो चन्दौली

Leave a Comment

और पढ़ें