पीडीडीयू: जनपद के वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नगर की यातायात समस्या, सिक्स लेन सड़क निर्माण, काली माता मंदिर के स्थानांतरण तथा एक सार्वजनिक पार्क के निर्माण की मांग उठाई गई।
संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने बताया कि नगर में आए दिन भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि जहां पहले से फोरलेन सड़क बनी हुई है, वहीं पुनः चार लेन निर्माण कराया जा रहा है, जो सरकारी धन की बर्बादी है। उन्होंने सुझाव दिया कि जीटी रोड के दोनों ओर पीडब्ल्यूडी की पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, ऐसे में नगर में सिक्स लेन सड़क का निर्माण कराया जाए, जिससे जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
उन्होंने प्राचीन काली माता मंदिर को शौचालय के समीप स्थापित किए जाने का विरोध करते हुए कहा कि काली माता की स्वयं की भूमि नगर में उपलब्ध है। यदि सिक्स लेन सड़क का निर्माण किया जाना है तो मंदिर को उसकी मूल भूमि पर स्थापित किया जाए, अन्यथा मंदिर को वर्तमान स्थान पर ही यथावत रहने दिया जाए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि नगर में कोई सार्वजनिक पार्क नहीं है, जहां नागरिक सुबह-शाम टहल सकें। वर्तमान में केवल रेलवे का बाकले ग्राउंड ही विकल्प है, जहां टहलने को लेकर समय-समय पर प्रतिबंध लगाए जाते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि नगरवासियों की सुविधा के लिए एक सुंदर एवं सुव्यवस्थित पार्क का निर्माण कराया जाए।









