Search
Close this search box.

वाराणसी: टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों का राज्य व ब्लॉक स्तरीय टीम द्वारा भौतिक सत्यापन

वाराणसी: दिनांक 20 फरवरी 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद के मार्गदर्शन एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय के निर्देशन में राज्य स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय टीम द्वारा टीबी मुक्त ग्राम पंचायत पश्चिमपुर, चमाव और काज़ीसराय का भौतिक सत्यापन किया गया।

सत्यापन टीम में राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक रीता पाटिल, डॉ. अवनीत श्रीवास्तव, श्री नमन गुप्ता, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी हरहुआ डॉ. संतोष कुमार, एमओटीसी डॉ. नंद आसरे, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी बसंत लाल श्रीवास्तव, बीपीएम, ग्राम पंचायत अधिकारी रवि सिंह, एसटीएलएस मुन्ना लाल जायसवार, टीबी हेल्थ विजिटर विवेक चौरसिया एवं सूरज शामिल रहे।

डॉ. अवनीत श्रीवास्तव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षय रोग (टीबी) छिपाने की आवश्यकता नहीं है। समय पर जांच और उपचार से टीबी का पूर्ण इलाज संभव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं और नियमित दवा लेकर रोगमुक्त हों।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि इस वर्ष हरहुआ ब्लॉक की 75 ग्राम पंचायतों में से 5 को गोल्ड, 44 को सिल्वर तथा 14 को कांस्य पदक से सम्मानित किया जाएगा, जो टीबी उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट कार्य का प्रतीक है।

टीम द्वारा ग्राम पंचायत काज़ीसराय में टीबी मरीज के घर पहुंचकर उसके स्वास्थ्य की स्थिति एवं निश्चय पोषण योजना सहित मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली गई। साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर चमाव का स्थलीय निरीक्षण कर अभिलेखों की जांच की गई तथा किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई।

अभियान के अंतर्गत अधिकारियों ने ग्रामीणों को टीबी उन्मूलन के प्रति जागरूक रहने और सामुदायिक सहयोग से ग्राम पंचायत को पूर्ण रूप से टीबी मुक्त बनाने का आह्वान किया।

Leave a Comment

और पढ़ें