बलिया। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, बलिया द्वारा राजकीय आईटीआई परिसर में एससीएसपी योजना के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संस्कृति गुप्ता ने की।
शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना एवं विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना रहा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना तथा निःशुल्क टूल-किट्स वितरण योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने हेतु ऋण एवं अनुदान की सुविधा प्रदान की जाती है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम में राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य अमित कुमार द्विवेदी, विनोद कुमार सिंह, श्रीमती शीलू कुमारी, रवीन्द्र कुमार सिंह सहित खादी ग्रामोद्योग कार्यालय के राकेश कुमार साहु, मधु सागर, जितेन्द्र सिंह एवं विवेकानन्द सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सहायक राकेश कुमार साहु द्वारा किया गया।
अंत में अधिकारियों ने युवाओं से अपील की कि वे विभागीय योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार स्थापित करें और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें।
रिपोर्ट: संजय सिंह, प्रेस रिपोर्टर, बलिया (उत्तर प्रदेश)









