मंडुवाडीह। प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को वार्षिकोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने नृत्य, गीत, नाटक, कविता पाठ तथा देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूनम मौर्या रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय की नीलिमा सिंन्हा, रश्मि सिंह मोहम्मद सुहैल, विपिन गुप्ता, नीरज राव, मधु सिंह, रेखा यादव, निलम राय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनकी उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी छात्रों को सम्मानित किया गया। वार्षिकोत्सव ने विद्यालय परिवार में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।









