चंदौली। होली पर्व से पहले कोतवाली चन्दौली पुलिस एवं स्वाट-सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मझवार रेलवे स्टेशन के सामने नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर 12 चक्का ट्रक से 3807 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।
बताया जा रहा है कि शराब को प्याज की बोरियों के नीचे छिपाकर मध्य प्रदेश से बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से हरियाणा निवासी दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस टीम ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश भी की जा रही है।









