गाजीपुर । चर्चित होटल कारोारी विनीत राय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के 18 दिन बाद कोतवाली पुलिस ने मामले में शामिल दो आरोपियों शिवम दुबे और रहमान अली उर्फ गोल्डेन को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। दोनों आरोपियों को मंगलवार को चौकिया मोड़ ओवरब्रिज के पास वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया।
गौरतलब है कि 29 मई की रात हुई विनीत राय की हत्या से पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद शहर में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। मामले के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें लगातार जुटी हुई थीं।
एसपी सिटी राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तकनीकी और सर्विलांस टीम की मदद से दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हुई। पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हत्याकांड में शामिल कई आरोपी अभी भी फरार हैं। इनमें एक लाख रुपये के इनामी शंकर पांडे, आलोक दुबे और सोनू यादव शामिल हैं। वहीं, इस मामले से जुड़े एक लाख के इनामी कमलेश बिंद को 4 जून को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया था। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।









