गाजीपुर । जनपद के गहमर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना गहमर पुलिस और कैटल स्मगलिंग टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने 260 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 को उपनिरीक्षक शिव प्रसाद पाण्डेय अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसके कब्जे से 260 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधुमंगल कुमार (55 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय सत्यनारायण सिंह, निवासी सिकरहता कला, जिला भोजपुर (आरा), बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/27ए/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ के आधार पर हेरोइन तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है तथा तस्करी के पूरे गिरोह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।









