सण्डीला। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लगातार लगने वाले जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से बहुप्रतीक्षित आउटर रिंग रोड परियोजना का शुभारंभ हो गया। विधायक अलका अर्कवंशी ने नारियल फोड़कर भूमि पूजन किया और परियोजना का श्रीगणेश किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि रिंग रोड के निर्माण से सण्डीला की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा। वर्तमान में शहर के मुख्य मार्गों और बाजारों में सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रिंग रोड बनने के बाद भारी और छोटे वाहनों को शहर के बीच से होकर गुजरने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे यातायात का दबाव काफी कम हो जाएगा।
जानकारी के अनुसार, परियोजना के पहले चरण में तीन प्रमुख मार्गों का निर्माण किया जाएगा। प्रस्तावित सड़क की चौड़ाई 3.75 मीटर होगी तथा इसके दोनों ओर मजबूत कच्ची पटरी भी बनाई जाएगी, जिससे आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम हो सके।
परियोजना की शुरुआत से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह रिंग रोड न केवल जाम की समस्या का समाधान करेगी, बल्कि सण्डीला के विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगी। लोगों ने इसे शहर की तरक्की की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।









