Search
Close this search box.

बरेका गोल्फ कोर्स में सुनीत चौरसिया का जलवा, लगातार तीसरी नेक्सजेन जीत के साथ रचा इतिहास

वाराणसी । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में आयोजित 25 लाख रुपये की इनामी राशि वाले प्रतिष्ठित ‘डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन–वाराणसी’ गोल्फ टूर्नामेंट का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया।

तीन दिनों तक चले इस रोमांचक टूर्नामेंट में कोलकाता के 31 वर्षीय गोल्फर सुनीत चौरसिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। अंतिम दौर में 73 का स्कोर बनाकर उन्होंने कुल छह-अंडर 204 के स्कोर के साथ चार स्ट्रोक के अंतर से जीत दर्ज की। इस सफलता के साथ सुनीत ने लगातार तीसरा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन खिताब जीतकर नया इतिहास रच दिया। इससे पहले वे पटना और लखनऊ में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता रह चुके हैं।

इस जीत से सुनीत को 3,17,875 रुपये की पुरस्कार राशि मिली तथा कुल 10,04,393 रुपये की कमाई के साथ वे वर्ष 2026 के नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन बने। साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 के मुख्य डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई टूर के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया।

मथुरा के मुकीम अली और कोलकाता के सौविक नायक संयुक्त रूप से उपविजेता रहे। वहीं बरेका के स्थानीय खिलाड़ी हेमंत यादव ने दूसरे दौर में कोर्स रिकॉर्ड की बराबरी की, लेकिन अंतिम दौर में कुल इवन-पार 210 के स्कोर के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहे।

समापन समारोह में बरेका के वरिष्ठ अधिकारियों, पीजीटीआई प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों की उपस्थिति रही। इस सफल आयोजन ने वाराणसी को देश के प्रमुख पेशेवर गोल्फ केंद्रों में एक नई पहचान दिलाई

Leave a Comment

और पढ़ें