वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में दिनांक 12 मार्च 2026 को बरेका सिनेमा हॉल में एक भव्य सांस्कृतिक एवं महिला सशक्तिकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नारी शक्ति की उपलब्धियों को सम्मानित करना तथा समाज, रेल और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं के अमूल्य योगदान को रेखांकित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. मधुलिका सिंह द्वारा मुख्य अतिथि बरेका महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्षा श्रीमती गौरी श्रीवास्तव को पौधा भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि श्रीमती गौरी श्रीवास्तव, महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारियों तथा आमंत्रित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया।

समारोह का आरंभ भक्तिपूर्ण शिव वंदना से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता से भर दिया। अपने संबोधन में श्रीमती गौरी श्रीवास्तव ने कहा कि “महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।
राष्ट्र के विकास और समाज के सशक्त निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।”इस अवसर पर 01 मार्च 2026 से 28 फरवरी 2027 के मध्य सेवानिवृत्त होने वाली महिला कर्मचारियों को उपाध्यक्षा श्रीमती गौरी श्रीवास्तव एवं महिला कल्याण संगठन की अन्य पदाधिकारियों द्वारा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आमंत्रित वक्ता डॉ. रचना अग्रवाल (समाज सेविका एवं पूर्व अध्यक्षा – बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ) तथा डॉ. मधुलिका सिंह ने महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता पर अपने विचार साझा किए।समारोह के दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। श्रीमती पूजा चौधरी के निर्देशन में प्रस्तुत कुमारी खुशी शर्मा का भावनृत्य शिव वंदना, श्रीमती करुणा सिंह का कविता पाठ तथा श्रीमती निशा, श्रीमती दीप्ति गुप्ता एवं श्रीमती नीतू जैसवार द्वारा प्रस्तुत गीतों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
इसके अतिरिक्त नारी सशक्तिकरण विषय पर आधारित लघु नाटक, समूह होली नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की वरिष्ठ कार्यकारी सदस्या गुरमीत कौर, कोषाध्यक्ष श्वेता श्रीवास्तव, सचिव ऋतिका सिंह, मीनाक्षी सिंह, अनुजा खरे, सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में डॉ. प्रेक्षा पाण्डेय, सहायक कार्मिक अधिकारी राम प्रवेश यादव, सहायक कार्मिक अधिकारी पीयूष मिंज, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, संयुक्त सचिव कर्मचारी परिषद प्रदीप कुमार यादव, सदस्य सुशील कुमार सिंह, मनीष कुमार सिंह, संतोष कुमार यादव एवं धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी उपस्थित रहीं।
यह आयोजन महिला सशक्तिकरण के संदेश को आगे बढ़ाने के साथ-साथ महिलाओं के सम्मान, उपलब्धियों और रचनात्मक अभिव्यक्ति के उत्सव का प्रतीक बन गया।कार्यक्रम का सुरुचिपूर्ण संचालन करुणा सिंह द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक कार्मिक अधिकारी पीयूष मिंज ने प्रस्तुत किया।







